Home CITY NEWS छिंदवाड़ा में गूंजे ‘यूजीसी रोल बैक’ के नारे! सर्व समाज संग करणी...

छिंदवाड़ा में गूंजे ‘यूजीसी रोल बैक’ के नारे! सर्व समाज संग करणी सेना ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

करणी सेना परिवार ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन: यूजीसी रोल बैक, आर्थिक आधार पर आरक्षण और एट्रोसिटी एक्ट में निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

छिंदवाड़ा। आज 28 सितंबर 2026 को छिंदवाड़ा शहर में ‘करणी सेना परिवार (सर्व समाज)’ द्वारा विभिन्न सामाजिक व नीतिगत मुद्दों को लेकर एक विशाल विरोध प्रदर्शन सह ज्ञापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं और सर्व समाज के सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर अपनी मांगों का ज्ञापन छिंदवाड़ा कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम प्रेषित किया।

करणी सेना के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 1 बजे जिले भर से आए सर्व समाज के नागरिक और करणी सेना के पदाधिकारी छिंदवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप चौक पर एकत्रित हुए। हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा थामे और “यूजीसी रोल बैक” के गगनभेदी नारे लगाते हुए सभी सदस्य अनुशासित रूप से कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें

करणी सेना परिवार द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई और पुनर्विचार की मांग की गई:

  1. U.G.C. के नए नियमों का रोल बैक: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा लागू किए गए नए नियमों की समीक्षा कर उन्हें अविलंब वापस लिया जाए।
  2. आर्थिक आधार पर आरक्षण व क्रीमी लेयर: संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप आरक्षण का आधार आर्थिक किया जाए, ताकि वास्तव में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को इसका लाभ मिल सके।
  3. ST/SC एक्ट में निष्पक्ष जांच: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत वास्तविक पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा हो, लेकिन झूठी और दुर्भावनापूर्ण शिकायतों के प्रमाणित मामलों में निष्पक्ष जांच और कड़े कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
  4. सवर्ण सुरक्षा अधिनियम: सवर्ण समाज के नागरिकों के साथ होने वाले अन्याय, उत्पीड़न, धमकी और भेदभाव से संरक्षण प्रदान करने के लिए एक पृथक ‘सवर्ण सुरक्षा अधिनियम’ लागू करने की पहल की जाए।
  5. किसानों को फसलों का उचित मूल्य: कृषि क्षेत्र को संबल देने और किसानों की आर्थिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए उनकी फसलों का न्यायसंगत व उचित मूल्य निर्धारित किया जाए।

इस ज्ञापन कार्यक्रम में छिंदवाड़ा जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए सर्व समाज के लोग, करणी सेना परिवार के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, सम्माननीय सदस्य और क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229