- 957 दिनों से अटकी पेंशन और समग्र आईडी में ‘जीवित को मृत’ बताने के गंभीर मामले आए सामने
- सांसद और कलेक्टर ने सुने ग्रामीणों के मसले; वर्मी कम्पोस्ट, नर्सरी व उप-स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत जमुनिया में शुक्रवार को विशेष जन-समस्या निवारण शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, अमित सक्सेना और कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन की पेंडेंसी भी खंगाली गई।


प्रशासनिक लापरवाही उजागर: वर्षों पुरानी शिकायतें शिविर में आमजन की समस्याओं के निराकरण के दावों के बीच कई विभागों की सुस्ती सामने आई:
- 957 दिनों से लंबित पेंशन: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में गरीब दास का स्थापना संबंधी मामला 957 दिनों से और सुनीला का पेंशन प्रकरण 402 दिनों से अटका मिला।
- जिंदा व्यक्ति को बताया मृत: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से जुड़े मामले में नितिन यादव ने शिकायत की कि समग्र आईडी में जीवित सदस्य को मृत दर्ज कर दिया गया है, जिसे सुधरवाने के लिए वे 59 दिनों से भटक रहे हैं।
- अस्पताल में उपकरण खराब, बेड की कमी: स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बोधराज ने शिकायत रखी कि सरकारी अस्पताल में जीवनरक्षक उपकरण बंद पड़े हैं और बेड उपलब्ध नहीं हैं (202 दिन से लंबित)। वहीं नाजमीन आयुष्मान योजना के सुधार को लेकर 612 दिनों से प्रयासरत हैं।
- पानी, नहर और किसान संकट: किसानों ने नहर टूटने (45 दिन लंबित), नल-जल योजना की मोटर जलने, पीएम किसान सम्मान निधि का भुगतान न होने तथा सोसायटियों से खाद-बीज व केसीसी ऋण मिलने में आ रही बाधाएं गिनाईं।
- संबल व अनुकंपा के लिए चक्कर: संबल योजना में दुर्घटना मृत्यु सहायता (191 दिन) और महिला एवं बाल विकास विभाग में अनुकंपा नियुक्ति का मामला 794 दिनों से पेंडिंग पाया गया।
वेयर हाउस और निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण जनसंवाद के साथ ही कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जमुनिया में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय मुआयना किया:
- सीडब्ल्यूसी वेयर हाउस के औचक निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की क्लास लगाई और कार्यप्रणाली सुधारने की चेतावनी दी।
- नर्सरी व वर्मी कम्पोस्ट: पंचायत में संचालित वर्मी कम्पोस्ट यूनिट और नर्सरी का निरीक्षण कर गुणवत्ता देखी।
- स्वास्थ्य केंद्र भवन व ASV: निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण कार्य की प्रगति जांची और सर्पदंश के उपचार हेतु आवश्यक एंटी स्नेक वेनम (ASV) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में कुछ शिकायतकर्ताओं के न पहुंचने पर भी चर्चा रही। उपस्थित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने निर्देशित किया कि शिविर केवल औपचारिकता न बने, बल्कि वर्षों से लंबित सभी प्रकरणों की समय-सीमा तय कर ग्रामीणों को स्थायी राहत दी जाए।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








