नवरात्रि के पावन पर्व पर 16 अक्टूबर से शुरू हुआ आध्यात्मिक आयोजन; शाम 7 से रात 11 बजे तक दर्शन का समय
छिंदवाड़ा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर के नरसिंहपुर रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवाकेंद्र में निराकार परमपिता शिव परमात्मा और चैतन्य देवियों की मनमोहक व भव्य झांकी सजाई गई है। 16 अक्टूबर से प्रारंभ हुई इस विशेष झांकी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाह्य आडंबरों से परे ले जाकर आंतरिक शांति, आत्मिक शक्ति और ईश्वरीय अनुभूति से जोड़ना है।
जीवंत देवियों के स्वरूप में सजी यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी के माध्यम से देवी स्वरूपों के आध्यात्मिक रहस्य, उनके दिव्य गुणों और मानवीय जीवन में उनके महत्व को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।
आयोजन स्थल व दर्शन का समय यह झांकी ब्रह्माकुमारीज सेंटर, ‘विश्व दर्शन भवन’, नरसिंहपुर रोड (लाल पार्क के पास), छिंदवाड़ा में आयोजित की जा रही है। श्रद्धालु प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक झांकी के दर्शन कर सकते हैं।
आध्यात्मिक संदेश ग्रहण करने की अपील संस्थान की ओर से आयोजकों ने संस्कारधानी के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार झांकी में पधारकर दर्शन का लाभ लें। आयोजकों का कहना है कि नवरात्र केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर की बुराइयों पर विजय पाने और शिव-शक्ति से आत्मिक शांति व शक्ति प्राप्त करने का सुअवसर है।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








