Home CITY NEWS ​श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा: मंचन को जीवंत बनाने वाले कलाकारों का सम्मान,...

​श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा: मंचन को जीवंत बनाने वाले कलाकारों का सम्मान, स्नेह भोज के साथ दीपावली मिलन संपन्न

पुरस्कार वितरण व सम्मान के साथ संपन्न हुआ श्री रामलीला मंडल का दीपावली मिलन समारोह वर्ष 2026 के मंचन का आय-व्यय ब्यौरा किया प्रस्तुत, कलाकारों व सहयोगियों का हुआ सम्मान

छिंदवाड़ा। नगर की गौरवशाली सांस्कृतिक संस्था श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा का दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह रविवार को स्थानीय श्री जी रिसोर्ट में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वर्ष 2026 के सफल रामलीला मंचन में अपना योगदान देने वाले सभी कलाकारों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए श्री रामलीला मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि समारोह की शुरुआत भगवान श्रीराम के स्मरण के साथ हुई। इसके पश्चात मंडल के कोषाध्यक्ष सुभाष साहू ने वर्ष 2026 के रामलीला मंचन से संबंधित संपूर्ण आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने मंचन के दौरान विभिन्न स्रोतों से प्राप्त हुई कुल आय तथा व्यवस्थाओं में हुए व्यय का विस्तृत और पारदर्शी विवरण रखा, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।

कलाकारों का सम्मान और सहभोज का आयोजन आय-व्यय के ब्यौरे के उपरांत सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें रामलीला मंचन को जीवंत बनाने वाले सभी पात्रों (कलाकारों), तकनीकी टीम और मंडल के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह व पुरस्कार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मंडल के सचिव राजेंद्र आचार्य ने बताया कि सम्मान समारोह के पश्चात स्नेह भोज (सहभोज) का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों और मंडल सदस्यों ने एक साथ भोजन का आनंद लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति समारोह में नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने शिरकत कर मंडल के कार्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर मंडल के परम सहयोगी पूनमचंद साहू, डॉ. मनन गोगिया सहित जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, वरिष्ठ नेता विजय पांडे, विजय झांझरी एवं अन्य गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के संरक्षक राजू चरणागर, कस्तूरचंद जैन, सतीश दुबे लाला, विजय आनंद दुबे, पं. वीरेंद्र शुक्ल, राजू माहोरे, अध्यक्ष अरविंद राजपूत, सचिव राजेंद्र आचार्य, मुख्य निर्देशक श्रांत चंदेल सहित समस्त पदाधिकारी, कलाकार बंधु एवं दानदाता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229