Home CITY NEWS पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रबंधन विवाद: समिति सौंपेगी प्रशासन को ज्ञापन, आंदोलन की...

पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रबंधन विवाद: समिति सौंपेगी प्रशासन को ज्ञापन, आंदोलन की बनाई रणनीति

बैठक में चांदी चोरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच और हाईकोर्ट में लंबित मामले में शीघ्र पैरवी का लिया गया निर्णय

छिंदवाड़ा। स्थानीय अनगढ़ हनुमान मंदिर परिसर में श्री पंचमुखी हनुमान उत्थान सेवा समिति (तहसील परिसर, छिंदवाड़ा) की महत्वपूर्ण बैठक समिति अध्यक्ष रमेश पोफली की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंदिर प्रबंधन के संचालन तथा कोर्ट में चल रहे मामलों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सदस्यों को मंदिर प्रबंधन से जुड़े उन प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया, जो वर्तमान में न्यायालय एवं उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित हैं। समिति ने इन मामलों में शीघ्र विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा मंदिर का सुचारू संचालन समिति के माध्यम से कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर चरणबद्ध आंदोलन करने की रणनीति भी तैयार की गई।

इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर से पूर्व में हुई चांदी के जेवरात की चोरी के मामले में संलिप्त दोषियों पर चल रहे आपराधिक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र सख्त कार्यवाही की मांग दोहराई गई।

बैठक में मुख्य रूप से समिति अध्यक्ष रमेश पोफली, उपाध्यक्ष हरिओम सोनी, सचिव रामकुमार सोनी, कोषाध्यक्ष संकेत मैद, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय देशकर, अधिवक्ता विवेक पाठक, संजय चंदेल, ललित किशोर विश्वकर्मा, शिव मालवी, धारपुरे, वीरेन्द्र विश्वकर्मा, गणेश साहू, संदीप विश्वकर्मा, अनुराग श्रीवास, अंकित कहार, प्रयास सोनी, अमन यादव, विशाल मालवीय, अरुण चौरे, राम सोनी, अक्षय सोनी, अंजल पटवा, अनिल लखेरा सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

(समाचार: श्री पंचमुखी हनुमान उत्थान सेवा समिति, तहसील परिसर छिंदवाड़ा द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार)