Home CITY NEWS छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता से बर्बरता: नकुलनाथ ने ASP को सौंपा ज्ञापन,...

छिंदवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता से बर्बरता: नकुलनाथ ने ASP को सौंपा ज्ञापन, बोले— ‘3 दिन में एक्शन नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन’

छिंदवाड़ा: जिले के हर्रई जागीर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ हुई कथित मारपीट के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में पूर्व सांसद नकुलनाथ सैकड़ों आक्रोशित कार्यकर्ताओं के साथ सीधे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नकुलनाथ ने अमरवाड़ा से भाजपा विधायक कमलेश शाह पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात कांग्रेस कार्यकर्ता को रास्ते में रोका गया और जबरन विधायक के निवास ले जाया गया। वहां उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई। इतना ही नहीं, पीड़ित का मोबाइल छीनकर उससे गाली-गलौज भरे संदेश भी भेजे गए।

पुलिस कंट्रोल रूम में ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सांसद ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 3 दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन के दौरान जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229