छिंदवाड़ा के पीएम श्री स्कूल की शिक्षिका सस्पेंड: कक्षा 6वीं के बच्चों से कही अश्लील बातें, मर्डर करने की भी दी धमकी
छिंदवाड़ा। जिले के कुंडाली कलां स्थित ‘पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ शिक्षिका भावना शर्मा पर कक्षा छठवीं के मासूम छात्र-छात्राओं से अश्लील बातें करने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मासूमों से अश्लील संवाद और धमकी छात्रों और अभिभावकों द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, शिक्षिका कक्षा में बच्चों से अश्लील बातें करती थीं। आरोप है कि शिक्षिका ने बच्चों को 4-5 बॉयफ्रेंड बनाने, डेट पर जाने जैसी बातें कही। इसके साथ ही आरोपी शिक्षिका ने बच्चों को डराते हुए यह भी कहा कि “मैंने 5 मर्डर किए हैं, तुम्हारा भी मर्डर कर दूंगी। मेरी फ्रेंड पुलिस में इंस्पेक्टर है, इसलिए मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
अभिभावकों का हंगामा, निलंबन आदेश बच्चों से बात पता चलने पर आक्रोशित अभिभावक और पालक संघ के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और प्राचार्य से लिखित शिकायत की। प्राचार्य द्वारा उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक ने शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने पहले भी कई बार निलंबन आदेश लेने से इनकार किया है।
शिक्षिका ने आरोपों को बताया साजिश दूसरी ओर, आरोपी शिक्षिका भावना शर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ झूठी साजिश के तहत बयान दिलवाए जा रहे हैं। फिलहाल विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराया गया है।








