Home CITY NEWS भोपाल के ‘शब्द उत्सव 2026’ में, छिंदवाड़ा के ओमप्रकाश ‘नयन’ सहित 4...

भोपाल के ‘शब्द उत्सव 2026’ में, छिंदवाड़ा के ओमप्रकाश ‘नयन’ सहित 4 साहित्यकारों को मिलेगा ‘मणिदीप सृजन सम्मान’ ; शैफाली शर्मा और अंजुमन मंसूरी को मिलेगा ‘वागीश्वरी सम्मान’

छिंदवाड़ा : मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन की प्रदेश इकाई द्वारा इस वर्ष का प्रतिष्ठित तीसरा ‘मणिदीप सृजन सम्मान’ छिंदवाड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार श्री ओमप्रकाश ‘नयन’ सहित प्रदेश के चार साहित्यकारों को प्रदान किया जाएगा। यह अलंकरण आगामी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को भोपाल में आयोजित होने वाले द्विदिवसीय ‘शब्द उत्सव 2026’ के मंच पर समारोह के मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष द्वारा भेंट किया जाएगा। सम्मान स्वरूप प्रत्येक चयनित रचनाकार को ₹5,100 की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

विभिन्न विधाओं और सक्रियता के आधार पर चयन मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष श्री पलाश सुरजन ने जानकारी देते हुए बताया कि सूबे के 25 जिलों और तहसीलों में संगठन की इकाइयां सक्रिय हैं। कार्यकारिणी व प्रबंधकारिणी के सभी साथी सम्मेलन के साहित्यिक उद्देश्यों को साकार करने के लिए निरंतर निष्काम भाव से कार्य कर रहे हैं। इन साथियों के सृजन, समर्पण और परिश्रम को सम्मानित करने के लिए ही इस पुरस्कार की स्थापना की गई है।

प्रबंधकारिणी समिति के निर्णयानुसार इस वर्ष के सम्मान निम्न श्रेणियों में घोषित किए गए हैं:

  • सर्वाधिक सक्रिय इकाई: श्री ओमप्रकाश “नयन” (अध्यक्ष, छिंदवाड़ा जिला इकाई)
  • कविता विधा: श्री आनंद नेमा (सचिव, नरसिंहपुर जिला इकाई)
  • कथेतर गद्य विधा: श्री मनीष शर्मा (अध्यक्ष, देवास जिला इकाई)
  • गीत-ग़ज़ल विधा: श्री मानव बजाज (सचिव, दमोह जिला इकाई)

स्व. दीपक व मणि सुरजन की स्मृति में प्रायोजित श्री पलाश सुरजन ने बताया कि यह सम्मान ‘देशबन्धु’ पत्र समूह के निदेशक तथा जबलपुर व सतना संस्करण के सम्पादक रहे स्व. दीपक सुरजन एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. मणि सुरजन की पावन स्मृति में उनकी सुपुत्री सुश्री कृति थेपड़े एवं सुपुत्र श्री आभास सुरजन द्वारा प्रायोजित किया जा रहा है।

उपलब्धि का श्रेय पूरी टीम को समर्पित सम्मान की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश “नयन” ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री हेमेंद्र कुमार राय, जिला कार्यकारी अध्यक्ष श्री रोहित रूसिया, सचिव श्रीमती शैफाली शर्मा, प्रचार सचिव श्री राकेश राज, श्री दिनेश भट्ट, श्री राजकुमार चौहान सहित जिले के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों के सामूहिक योगदान को दिया है।

छिंदवाड़ा की दो विदुषियों को ‘वागीश्वरी सम्मान’ उल्लेखनीय है कि इसी ‘शब्द उत्सव 2026’ समारोह में छिंदवाड़ा जिले को दोहरा गौरव प्राप्त होगा। जिला इकाई की सचिव श्रीमती शैफाली शर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य सुश्री अंजुमन मंसूरी “आरज़ू” को भी प्रदेश के प्रतिष्ठित ‘वागीश्वरी सम्मान’ से नवाजा जाएगा। एक ही मंच पर जिले के तीन प्रमुख साहित्यकारों के समादृत होने की घोषणा से स्थानीय साहित्यिक जगत में हर्ष की लहर है।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229