छिंदवाड़ा : प्रदेश में बढ़ते शराब के दुष्प्रभावों से युवा पीढ़ी और परिवारों को बचाने तथा राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर एक बड़ा सामाजिक आंदोलन आकार ले रहा है। इसी कड़ी में रविवार, 20 सितंबर 2026 को गांधी प्रतिमा प्रांगण में सुबह 11:30 बजे एक विशेष ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन गुलाबी गैंग (मध्यप्रदेश) की कमांडर पूर्णिमा वर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस यज्ञ का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को शराबबंदी लागू करने के संदर्भ में सद्बुद्धि प्रदान करने के लिए प्रार्थना करना है।
आयोजकों का कहना है कि शराब की लत के कारण अनगिनत परिवार तबाह हो रहे हैं और अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। समाज को नशे से मुक्त करने और सुरक्षा का माहौल बनाने के लिए अब महिलाओं और आम जनता को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी।
गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा ने आम नागरिकों, महिलाओं और युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा, “स्वच्छ समाज और सुरक्षित परिवार के निर्माण के लिए शराबबंदी बेहद जरूरी है। इस जन-जागरण अभियान को अपना समर्थन देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में गांधी प्रतिमा प्रांगण पहुंचें।”
रविवार को होने वाले इस सद्बुद्धि यज्ञ को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।








