Home CITY NEWS हज़रत सूफ़ी सैय्यद असग़र अली शाहे रूम्वी का 36वाँ सालाना उर्स आज...

हज़रत सूफ़ी सैय्यद असग़र अली शाहे रूम्वी का 36वाँ सालाना उर्स आज से, छिंदवाड़ा में सजेगी अकीदत की महफ़िल

चार दिवसीय आयोजन में परचम-कुशाई, संदल-चादर शरीफ़ और महफ़िल-ए-समा का होगा एहतिमाम; उमड़ेंगे देश भर से अकीदतमंद

छिंदवाड़ा। हज़रत क़िब्ला सूफ़ी सैय्यद असग़र अली शाहे रूम्वी अलैहि रहमान (क़ादरी, चिश्ती, अबुलउलाई, जहाँगीरी, हसनी, ख़िज़्र रूमी) का 36वाँ सालाना उर्स-ए-पाक आज, 16 अक्टूबर से श्रद्धा व अकीदत के साथ शुरू हो रहा है। चार दिवसीय यह धार्मिक व रूहानी आयोजन 19 अक्टूबर तक हज़रत भैय्याजी अताउल्लाह शाह रहमतुल्लाह अलैह के आस्ताने व रिसाला मस्जिद के समीप आयोजित किया जाएगा।

उर्स के तमाम धार्मिक कार्यक्रम गद्दीनशीन व सज्जादानशीन सगे-दर-ए-मुर्शिदी सूफ़ी सैय्यद इस्माईल अली शाहे रूम्वी की ज़ेरे-सरपरस्ती (संरक्षण) में संपन्न होंगे।

तय कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:

  • 16 अक्टूबर (शुक्रवार): उर्स का आगाज़ सुबह क़ुरआन-ख़्वानी के साथ हुआ। दोपहर 2 बजे महिलाओं की मिलाद शरीफ़ होगी। मगरिब की नमाज़ बाद सलातो-सलाम और सज्जादानशीन सूफ़ी सैय्यद इस्माईल अली शाहे रूम्वी के दस्त-ए-मुबारक से परचम-कुशाई की रस्म अदा की जाएगी।
  • 17 अक्टूबर (शनिवार): शाम 5 बजे ख़ानक़ाही चादर शरीफ़ दरे-मुर्शिद, पुराना छापाखाना से धूमधाम से निकाली जाएगी। रात में ज़िक्र-ए-पाक और पुरनूर महफ़िल-ए-समा (क़व्वाली) का आयोजन होगा।
  • 18 अक्टूबर (रविवार): सुबह 10 बजे कुल शरीफ़ की फ़ातिहा पढ़ी जाएगी। शाम 5 बजे आम चादर शरीफ़ निकाली जाएगी, जिसके बाद रात में मिलाद शरीफ़ व महफ़िल-ए-समा सजेगी।
  • 19 अक्टूबर (सोमवार): सुबह 10 बजे ग़ुस्ल-ए-मज़ार-ए-पाक, रंग-ए-महफ़िल और मुल्क में अमन-ओ-अमान की दुआएँ-ए-ख़ैर के साथ उर्स का विधिवत समापन होगा।

आम लंगर का रहेगा प्रबंध: उर्स के दौरान तीनों दिन ज़ायरीन व श्रद्धालुओं के लिए दोपहर और रात में लंगर (तबर्रुक) का विशेष प्रबंध किया गया है।

सूफ़ी इश्तियाक अहमद बेग उर्फ़ अमन भाई ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मुबारक मौके पर छिंदवाड़ा नगर सहित आस-पास के ग्रामीण अंचलों, मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में सभी धर्मों के अकीदतमंद, मुरीदैन और श्रद्धालु शिरकत करेंगे। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर फैज़ हासिल करने की अपील की है।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229