इंदिरा तिराहे पर चलती गाड़ी रोकने के लिए दौड़ा पुलिसकर्मी ; वीडियो वायरल
छिंदवाड़ा : शहर के इंदिरा तिराहे पर पुलिसकर्मी की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी चलती गाड़ी को रोकने के लिए अचानक सड़क के बीच में दौड़ पड़ता है।
अचानक पुलिसकर्मी के सामने आने से गाड़ी का संतुलन बिगड़ सकता था। इस हड़बड़ी में वाहन सवार गिरकर घायल हो सकते थे या आसपास और पीछे से आ रही दूसरी गाड़ियों की चपेट में आ सकते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इंदिरा तिराहे पर यह कोई पहली घटना नहीं है। वाहनों को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों के अचानक स्टंट बाजी के चक्कर में यहाँ आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस की इस कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आ रहा है।
ई-चालान की व्यवस्था होने के बाद भी चलती गाड़ियों के आगे दौड़कर लोगों की जान जोखिम में डालने पर स्थानीय नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताई है और जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








