अंचल कुंड धाम के पूज्य दादाजी महाराज की उपस्थिति में हजारों युवाओं ने लिया संकल्प, सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार का दिया संदेश
छिंदवाड़ा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बजरंग दल के तत्वावधान में स्थानीय पोला ग्राउंड (दशहरा मैदान) में आयोजित त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम, विशाल धर्मसभा और भव्य शौर्य यात्रा के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्र के युवाओं और बजरंगियों ने सहभागिता कर सनातन धर्म की रक्षा और संगठन विस्तार का संकल्प लिया।

अक्षत-तिलक से हुआ अतिथियों का भव्य स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और मां भारती के पूजन के साथ हुई। पोला ग्राउंड पहुंचे अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा परिसर में आकर्षक रंगोली सजाकर, अक्षत और तिलक लगाकर पारंपरिक रूप से किया गया। इस दौरान पूरा पोला ग्राउंड ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

जात-पात छोड़ संगठित हों हिंदू: राष्ट्रीय संयोजक धर्मसभा को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किसन प्रजापत ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में कहा कि यदि हम भारत को पुनः परम वैभव के शिखर पर देखना चाहते हैं, तो हमें सामाजिक समरसता को अपनाना होगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “आज से ही ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ के महामंत्र को जीवन में उतारें और प्रत्येक सनातनी परिवार तक पहुंचकर समाज को संगठित करने का कार्य करें।”
पूज्य संतों व वरिष्ठ पदाधिकारियों का मिला सानिध्य विहिप के जिलाध्यक्ष ठा. अरविंद प्रताप सिंह एवं बजरंग दल के जिला संयोजक नरेंद्र पटेल ने बताया कि यह कार्यक्रम अंचल कुंड धाम के परम पूज्य दादाजी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं आशीर्वाद से सफल हुआ।
कार्यक्रम के मंच पर क्षेत्रीय संयोजक (बजरंग दल) विश्ववर्धन भट्ट, प्रांत संयोजक तेजस्वी उपाध्याय, शशि परतेती, रूपेश लांजीवार, मनोज गुप्ता एवं शैलेश यदुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने धर्म रक्षा, सुरक्षा और राष्ट्रीय चेतना के प्रसार पर अपने विचार व्यक्त किए।
नगर में निकाली गई भव्य शौर्य यात्रा धर्मसभा के पश्चात पोला ग्राउंड से विशाल शौर्य यात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में ध्वज और त्रिशूल लिए अनुशासित रूप से चल रहे युवाओं की शौर्य यात्रा पोला ग्राउंड से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—फव्वारा चौक, बस स्टैंड, छोटा तालाब, छोटी बाजार, छापाखाना एवं राज्यपाल चौक से होते हुए पुनः पोला ग्राउंड पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शौर्य यात्रा का स्वागत किया गया।
आभार एवं मंच संचालन संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन एवं पधारे हुए सभी संतों, अतिथियों, कार्यकर्ताओं व नगरवासियों का आभार प्रदर्शन विहिप के विभाग मंत्री नकुल विश्वकर्मा ने किया।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








