Home CITY NEWS छिंदवाड़ा के लालबाग में सजी कालिया नाग मर्दन की भव्य झांकी: फनों...

छिंदवाड़ा के लालबाग में सजी कालिया नाग मर्दन की भव्य झांकी: फनों पर नृत्य करते दिखे भगवान श्रीकृष्ण, 15 फीट की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र…

छिंदवाड़ा: गणेश उत्सव के पावन अवसर पर शहर के लालबाग स्थित श्री सनातन सेवा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष और भव्य झांकी सजाई गई है। ‘लालबाग के बादशाह’ के दरबार में इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण की सुप्रसिद्ध ‘कालिया नाग मर्दन’ लीला को बेहद मनमोहक और जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। आज से यह आकर्षक झांकी आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दी गई है, जिसे देखने के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया है।

15 फीट ऊंची प्रतिमा और पौराणिक दृश्य झांकी का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण की 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा है, जिसमें वे यमुना नदी के भीतर कालिया नाग के विषैले फनों पर नृत्य करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, यमुना के पानी को विषैला बनाकर गोकुलवासियों को आतंकित करने वाले कालिया नाग का घमंड चूर कर भगवान ने उसे वहां से भगाया था। इस पूरी कथा और बाल रूप से लेकर नाग मर्दन तक के प्रसंग को कारीगरों ने बहुत ही आकर्षक तरीके से दर्शाया है।

तीन महीने की अटूट मेहनत का परिणाम इस अलौकिक झांकी को मूर्त रूप देने में समिति के सदस्यों और कुशल कारीगरों को करीब तीन महीने का समय लगा। दिन-रात चले मेहनत और लगन के कार्य के बाद अब यह झांकी श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति और पौराणिक गाथाओं की भव्य झलक दिखा रही है।

बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश श्री सनातन सेवा समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। कालिया नाग मर्दन की यह लीला समाज में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का शाश्वत संदेश देती है। इसका उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि शक्ति चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अंततः सत्य के सामने परास्त होती है।

युवाओं और बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत समिति ने इस झांकी को इस तरह से डिजाइन किया है कि यह बच्चों और युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करे, जिससे वे मनोरंजन के साथ-साथ अपनी संस्कृति और पौराणिक इतिहास से भी गहराई से जुड़ सकें।

लालबाग के बादशाह का दरबार अब पूरी तरह सज चुका है और श्रद्धालु इस अलौकिक व विहंगम दृश्य के दर्शन कर धर्म लाभ उठा रहे हैं।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229