बेटियों के तलवारबाजी-लाठी प्रदर्शन और सैला नृत्य ने मोहा मन; मेधावी छात्र व अतिथियों को किया समनितम्मा …
परासिया/छिंदवाड़ा। कोयलांचल नगरी परासिया में अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के तत्वाधान में 71वां भगवान विश्वकर्मा पूजन दिवस अत्यधिक हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन में विश्वकर्मा समाज के हजारों सामाजिक बंधु, मातृशक्ति और बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
अस्त्र-शस्त्र झांकी और हैरतअंगेज प्रदर्शन बने आकर्षण का केंद्र कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नगर में निकाली गई नयनराम्य शोभायात्रा और जीवंत झांकी रही। शोभायात्रा में सामाजिक जन सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा द्वारा उपयोग किए जाने वाले समस्त सांकेतिक अस्त्र-शस्त्रों को लेकर चल रहे थे।
शोभायात्रा के दौरान समाज की बेटियों द्वारा प्रस्तुत लाठी एवं तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं, पारंपरिक सैला नृत्य की गूंज और ढोल-नगाड़ों, डीजे व आतिशबाजी के बीच निकली इस यात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं पूजनोत्सव के दौरान समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक सुहागन सौभाग्य पूजा संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में सुहागिनों ने हिस्सा लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए ‘आर्ट एंड क्राफ्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्नों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
प्रतिभाओं और अतिथियों का सम्मान आयोजन के दौरान समाज के गौरव, 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मंच से विशेष रूप से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सुदूर क्षेत्रों से पधारे अतिथियों का समाज के वरिष्ठ जनों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

71 वर्षों की गौरवशाली परंपरा निरंतर रहेगी जारी: रवि विश्वकर्मा अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री/महासचिव रवि विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परासिया में प्रतिवर्ष भगवान विश्वकर्मा का पूजनोत्सव इसी तरह भव्य और संगठित रूप से मनाया जाता है। इस वर्ष आयोजन का 71वां सफल वर्ष पूर्ण हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज की यह गौरवशाली और सांस्कृतिक परंपरा भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ निरंतर जारी रहेगी।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








