भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़, ‘जय श्री विश्वकर्मा’ से गूंजा शहर
छिंदवाड़ा। निर्माण, सृजन और शिल्प के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा के जन्मोत्सव के पूर्व संध्या पर संपूर्ण छिंदवाड़ा शहर भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के रंग में रंगा नजर आया। श्री विश्वकर्मा सेवा समिति (इमलिया बोहता चौक, वार्ड नंबर 22) के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में 16 सितंबर को एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में विश्वकर्मा समाज के युवाओं, बुजुर्गों और प्रबुद्ध जनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत परासिया रोड से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए ग्राम इमलिया बोहता की ओर बढ़ी। यात्रा के पूरे मार्ग में “भगवान विश्वकर्मा की जय” के गूंजते जयकारों से माहौल पूरी तरह धर्ममय हो गया। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर भगवान की प्रतिमा का भावुक स्वागत किया। युवाओं ने हाथों में धर्मध्वजाएं लेकर पूरे उत्साह के साथ भजनों पर नृत्य किया।
दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम श्री विश्वकर्मा सेवा समिति द्वारा भारत नगर इमलिया बोहता चौक स्थित कार्यक्रम स्थल पर आगामी अनुष्ठानों की समय सारणी तैयार की गई है:
- 17 सितंबर (गुरुवार):
- प्रातः 11:00 बजे: भारत नगर इमलिया बोहता चौक पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मूर्ति स्थापना।
- दोपहर 2:00 बजे: मुख्य धार्मिक अनुष्ठान एवं महाहवन-पूजन।
- सायंकाल 6:00 बजे: आम श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसाद (भंडारा) का आयोजन।
- 18 सितंबर (शुक्रवार):
- प्रातः 8:00 बजे: रामघाट, मोरिया (छिंदवाड़ा) में विधि-पूर्वक एवं भावुक माहौल में प्रतिमा विसर्जन।
समिति ने की सहपरिवार पधारने की अपील श्री विश्वकर्मा सेवा समिति ने जिले की समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं समाज बंधुओं से इस दो दिवसीय पावन आयोजन में सहपरिवार पधारकर पूजन-अर्चन का पुण्य लाभ अर्जित करने और महाप्रसाद ग्रहण करने की विनम्र अपील की है।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








