छिंदवाड़ा: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष जिलेवासियों के लिए बेहद खास और यादगार बनने जा रहा है। जिला गौली समाज द्वारा जन्माष्टमी पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समाज के जिलाध्यक्ष विनोद यदुवंशी ने बताया कि जिले में समाज के दो प्रमुख मंदिरों—परासिया रोड (पुराना आरटीओ ऑफिस के पास) स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर एवं जुन्नारदेव स्थित पहली पायरी मंदिर—में जन्माष्टमी की विशेष धूम रहेगी।
4 से 5 सितंबर तक आयोजित होंगे कार्यक्रम
4 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को परासिया रोड स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक विशेष हवन, पूजन व आरती होगी। इसके बाद सुबह 11:00 बजे पुलिस ग्राउंड से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कलेक्ट्रेेट के सामने स्थित ग्राउंड पर समाप्त होगी। दोपहर 1:00 बजे से भजन, संगीत और कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा।
जुन्नारदेव में 4 सितंबर को सत्ता स्थापना के साथ मंडलों द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी और मध्यरात्रि 12:00 बजे जन्मोत्सव आरती होगी। इसके अगले दिन, 5 सितंबर को आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
पहली बार छिंदवाड़ा आ रहा है अंतरराष्ट्रीय ‘माधवास रॉक बैंड
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण वृंदावन का प्रसिद्ध ‘माधवास रॉक बैंड’ होगा, जो छिंदवाड़ा में पहली बार लाइव प्रस्तुति देने आ रहा है। अमेरिका, थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया सहित कई देशों में प्रस्तुतियां दे चुका यह बैंड अपनी धुनों से कृष्ण प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेगा। बैंड के मुख्य गायक नवल किशोर निमाई दास एवं गायिका नंद रानी गोपी दास भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देंगे।
शिक्षकों, सैनिकों व प्रतिभावान बच्चों का होगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समाज के होनहार विद्यार्थियों, शिक्षकों और देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों का विशेष सम्मान किया जाएगा।
भजन मंडलियों के लिए नकद पुरस्कार
आयोजन में भजन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेता मंडलियों को पुरस्कृत किया जाएगा:
- प्रथम पुरस्कार: ₹15,001
- द्वितीय पुरस्कार: ₹11,001
- तृतीय पुरस्कार: ₹10,001
- चतुर्थ पुरस्कार: ₹7,101
- पांचवां पुरस्कार: ₹5,101
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








