छिंदवाड़ा : धर्म नगरी छिंदवाड़ा में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल सृजित होने जा रहा है। शहर के प्रसिद्ध पोला ग्राउंड स्थित दशहरा मैदान में 1 सितंबर (मंगलवार) से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन शुरू होने जा रहा है, जिसको लेकर शहर के धर्मप्रेमियों में भारी उत्साह है।

आयोजन के प्रथम दिन 1 सितंबर को दोपहर 12 बजे छठी माता मंदिर से एक भव्य और विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। कथा के दौरान व्यासपीठ पर अयोध्या स्थित श्रीरामलला सदन देवस्थान ट्रस्ट के प्रकांड विद्वान एवं प्रखर वक्ता ब्रह्मचारी परम पूज्य जगद्गुरु स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज विराजमान रहेंगे, जो अपने ओजस्वी व मधुर वचनों से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
यह आठ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 1 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक चलेगा। कथा के दौरान प्रतिदिन भगवान के विभिन्न स्वरूपों और लीलाओं की कथा का वर्णन होगा। कार्यक्रम के तहत 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 5 सितंबर को गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग तथा 6 सितंबर को रुक्मणी विवाह और सुदामा चरित्र के प्रसंग मुख्य आकर्षण रहेंगे। कथा की पूर्णाहुति और अनुष्ठान के अंतिम दिन 8 सितंबर (मंगलवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक विशाल भोजन भंडारे का आयोजन किया गया है।
इस धार्मिक महायज्ञ के पूजनकर्ता पंडित संजय द्विवेदी शास्त्री (गुड्डू भैया) हैं। वहीं, आयोजन को सफल बनाने में रमेशश्वर साहू, नंदकिशोर साहू, शिवकिशोर साहू, नरेश साहू सहित संपूर्ण साहू परिवार एवं स्वागतकर्ता अजय साहू, संतोष साहू, योगेश साहू, प्रदीप साहू और रूपेश साहू जुटे हुए हैं। समस्त आयोजन समिति ने शहरवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229








