Home CITY NEWS नागपंचमी व सावन सोमवार का दुर्लभ संयोग: छोटी बाजार राम मंदिर में...

नागपंचमी व सावन सोमवार का दुर्लभ संयोग: छोटी बाजार राम मंदिर में सजेगी नागचंद्रेश्वर महादेव की भव्य झांकी

सावन सोमवार व नागपंचमी का दुर्लभ संयोग: छिंदवाड़ा के राम मंदिर में निर्मित होगा त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग का दिव्य स्वरूप
नागचंद्रेश्वर महादेव की अलौकिक झांकी और सहस्त्रधारा महाअभिषेक रहेगा मुख्य आकर्षण; श्री सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट ने की दर्शन की अपील

छिंदवाड़ा। शहर के हृदय स्थल छोटी बाजार स्थित श्री सत्यधर्म मंडल द्वारा संचालित श्री राम मंदिर में सावन मास के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के पावन संयोग पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन और महाअभिषेक का सौभाग्य प्राप्त होगा।

सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकुल सोनी ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों की श्रृंखला में इस तीसरे सोमवार को महाराष्ट्र के नासिक स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल श्री त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग का प्रतीकात्मक भव्य स्वरूप तैयार किया जाएगा। यहाँ विधि-विधान से महारुद्राभिषेक संपन्न होगा तथा नागपंचमी पर्व के उपलक्ष्य में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक भी किया जाएगा।

नागचंद्रेश्वर महादेव की सजेगी आकर्षक झांकी नागपंचमी के विशेष अवसर पर उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध श्री नागचंद्रेश्वर महादेव की अत्यंत अलौकिक झांकी का निर्माण किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। इस भव्य झांकी के निर्माण व व्यवस्थाओं में मनोज चौरसिया, जितेंद्र सोनी, सार्थक चौरसिया, प्रतीक सोनी, विशाल सोनी, पंकज सोनी, हर्षित चौरसिया, जयप्रकाश जी और राजेश्वर जी का विशेष सहयोग रहा है।

नर्मदा जल से होगा ‘सहस्त्रधारा’ महाअभिषेक ट्रस्ट के सचिव सतीश दुबे (लालाजी) ने जानकारी दी कि क्षेत्र में उत्तम वर्षा और नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ मंदिर परिसर के प्राचीन पंचमुखी शिवलिंग पर पवित्र माँ नर्मदा जल से ‘सहस्त्रधारा’ महाअभिषेक किया जाएगा। काशी के प्रसिद्ध वेदाचार्य पं. नंदकिशोर शास्त्री के सानिध्य में यह पूरा अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा होगा।

श्री सत्यधर्म मंडल ट्रस्ट ने समस्त नगरवासियों व धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दर्शन-पूजन का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

खबर :करण विश्वकर्मा – 9755432229