Home CITY NEWS जिला जेल में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प: 480 कैदियों ने ली...

जिला जेल में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प: 480 कैदियों ने ली नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा

ब्रह्माकुमारीज़ के ’10 करोड़ नशा मुक्ति अभियान’ के तहत जेल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित; कैदियों ने दिया समाज में ‘उदाहरण मूर्त’ बनने का वचन


छिंदवाड़ा : ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ’10 करोड़ नशा मुक्ति अभियान’ के अंतर्गत आज जिला जेल परिसर में एक विशेष जागरूकता व संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान करीब 480 कैदी भाइयों को जीवनभर हर प्रकार के व्यसन से मुक्त रहने की भावपूर्ण प्रतिज्ञा दिलाई गई।

नशे से जनित अपराधों से बचने की प्रेरणा – कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेल अधीक्षक श्री प्रतीक जैन ने कैदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि व्यक्ति को अपराध की राह पर भी धकेलता है। उन्होंने सभी कैदी भाइयों को नशे से पूरी तरह मुक्त रहने तथा नशे से पैदा होने वाले अपराधों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

समाज पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव –जेल उप अधीक्षक ज्ञानेंद्र भारती ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के इस राष्ट्रव्यापी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि 10 करोड़ नशा मुक्ति अभियान का असर समाज पर बेहद सकारात्मक और दूरगामी पड़ेगा। आज के समय में समाज को इस प्रकार के आध्यात्मिक व सामाजिक जागरूकता अभियानों की सबसे अधिक आवश्यकता है।

कैदियों ने दिया संकल्पबद्ध होने का वचन- अभियान की प्रभारी बीके गणेशी दीदी एवं बीके शक्ति दीदी के संयुक्त मार्गदर्शन में समस्त कैदी भाइयों को व्यसनमुक्ति का संकल्प कराया गया। इस दौरान कैदियों ने दीदियों को वचन दिया कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के नशे को हाथ नहीं लगाएंगे और जेल से बाहर निकलकर समाज में एक सुधरे हुए व्यक्ति व ‘उदाहरण मूर्त’ के रूप में अपनी नई पहचान बनाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक प्रतीक जैन ने जेल के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में ब्रह्माकुमारी संस्थान से पधारे भाई-बहनों का आभार व्यक्त करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं, ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा संचालित इस विशेष मुहिम का मुख्य लक्ष्य पूरे भारतवर्ष में 10 करोड़ लोगों तक पहुंचकर उन्हें नशामुक्त और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक बनाना है।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229