Home CITY NEWS अब हर शुक्रवार मैदान में रहेंगे अधिकारी, दफ्तरों में नहीं होंगी बैठकें:...

अब हर शुक्रवार मैदान में रहेंगे अधिकारी, दफ्तरों में नहीं होंगी बैठकें: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

  • जन विश्वास अभियान की छिंदवाड़ा से हुई शुरुआत, 7 जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार शासकीय योजनाओं का धरातल पर लिया जाएगा जायजा ।
  • प्रदेश में 2 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी, सितंबर-अक्टूबर तक पूरी होंगी शेष अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नतियां ।

छिंदवाड़ा/07 अगस्त 2026: मध्यप्रदेश में सुशासन स्थापित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। अब प्रदेश का कोई भी अधिकारी शुक्रवार को दफ्तरों में बैठकें नहीं करेगा, बल्कि सीधे मैदान में उतरकर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा के एफडीडीआई ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत ‘जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत छिंदवाड़ा से की जा रही है, जो 7 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को निरंतर चलेगा। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं और मैदानी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का त्वरित समाधान किया जाएगा।

2 लाख पदों पर भर्ती और सितंबर-अक्टूबर में पदोन्नति समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं और कर्मचारियों के हित में कई बड़ी घोषणाएं कीं

कर्मचारी पदोन्नति: वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति दी गई है। छिंदवाड़ा जिले में 1,281 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया जा चुका है। प्रदेश के शेष बचे अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया सितंबर-अक्टूबर माह तक पूर्ण कर ली जाएगी।

नई भर्तियां: राज्य में 2 लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। बीते ढाई वर्षों में 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।

विभागीय आंकड़े: पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक (जिसमें 1,000 पद चालक के शामिल हैं), स्कूल शिक्षा में 10 हजार और उच्च शिक्षा में 7 हजार व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, म.प्र. व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा विभिन्न विभागों में 17 हजार नए पदों के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। राज्य सरकार उनके अंत्योदय और जनकल्याण के संकल्प को साकार करने के लिए गरीब, किसान, युवा और महिला- हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों और अधिकारियों को जनता का सेवक बताते हुए उनसे समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 8 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर छिंदवाड़ा के स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन किया।

खबर : करण विश्वकर्मा – 9755432229